
IND vs NZ T20 Match: भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया। भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने रनों का अंबार लगा दिया। निर्धारित 20 ओवरों में भारत ने 5 विकेट के नुकसान पर 271 रन बनाए। न्यूजीलैंड को जीत के लिए 272 रन का विशाल लक्ष्य मिला है। भारत ने पांचवें टी20 मुकाबले में न्यूजीलैंड को 46 रन से हराकर पांच मैचों की टी20 सीरीज 4-1 से अपने नाम कर ली।
IND vs NZ Match Highlights:
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला तिरुवनंतपुरम में खेला गया। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। इस मुकाबले के लिए भारत ने अपनी प्लेइंग इलेवन में तीन बदलाव किए हैं, जिसमें अक्षर पटेल, ईशान किशन और वरुण चक्रवर्ती को शामिल किया गया है।
भारत का 4-1 से सीरीज पर कब्जा
टी20 वर्ल्ड कप से पहले भारतीय टीम ने टी20 फॉर्मेट में अपनी बादशाहत एक बार फिर साबित कर दी। ईशान किशन की तूफानी शतकीय पारी और अर्शदीप सिंह की कहर बरपाती गेंदबाजी के दम पर भारत ने न्यूजीलैंड को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 5 विकेट पर 271 रन बनाए, जबकि जवाब में कीवी टीम 225 रन पर ही ढेर हो गई। अर्शदीप सिंह ने 5 विकेट झटककर भारत की इस एकतरफा जीत पर मुहर लगा दी।
टीम इंडिया का सीरीज में दिखा अब तक शानदार प्रदर्शन
टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले खेली जा रही इस सीरीज में भारतीय टीम के लिए सबसे बड़ी राहत कप्तान सूर्यकुमार यादव का फॉर्म में लौटना रहा है। इस सीरीज में उनका प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली देखने को मिला। इसके अलावा लंबे समय बाद टीम इंडिया में वापसी करने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने भी अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से सभी को प्रभावित किया है और वर्ल्ड कप से पहले अन्य टीमों के लिए खतरे की घंटी बजा दी है।
गेंदबाजी विभाग में वरुण चक्रवर्ती के साथ-साथ अर्शदीप भी शानदार लय में नजर आए। हालांकि, इस सीरीज में टीम इंडिया के लिए अब तक चिंता का विषय ओपनिंग में संजू सैमसन का फॉर्म रहा है, जो उस तरह की जिम्मेदारी निभाने में सफल नहीं हो सके, जैसी उनसे उम्मीद की जा रही थी।
इंडिया की बैटिंग:भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। हालांकि ओपनर संजू सैमसन एक बार फिर सस्ते में आउट हो गए और महज 6 रन ही बना सके। अभिषेक शर्मा ने 30 रनों की तेज़ पारी खेली। 16 गेंदों की अपनी पारी में उन्होंने 4 चौके और 2 छक्के लगाए।
ईशान किशन ने 42 गेंदों पर जड़ा तूफानी शतक
इसके बाद ईशान किशन ने कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 57 गेंदों में 137 रनों की शानदार साझेदारी की, जिसने भारत को विशाल स्कोर की ओर पहुंचा दिया। ईशान किशन ने भारतीय पारी के 12वें ओवर में ईश सोढ़ी के खिलाफ जमकर रन बटोरे, ईशान ने 12वें ओवर में 2 छक्के और 4 चौके लगाए, जबकि एक वाइड भी फेंकी गई। ईशान किशन ने महज 42 गेंदों में टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का अपना पहला शतक पूरा किया। वह 103 रन बनाकर आउट हुए। अपनी 43 गेंदों की इस विस्फोटक पारी में ईशान ने 10 छक्कों के साथ 6 चौके जड़े।
सूर्या के 3000 टी20 इंटरनेशनल रन
कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 3000 रन पूरे कर लिए। उन्होंने महज 1,822 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की और गेंदों के लिहाज से सबसे तेज़ 3000 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। सूर्या ने 30 गेंदों में 6 छक्कों और 4 चौकों की मदद से 63 रनों की तेज़ पारी खेली। इसके बाद हार्दिक पंड्या पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे और उन्होंने 17 गेंदों में 4 छक्कों व 1 चौके की मदद से 42 रन बनाए। न्यूजीलैंड की ओर से सबसे ज्यादा विकेट लॉकी फर्ग्यूसन को दो विकेट मिले।
न्यूजीलैंड की बैटिंग
न्यूजीलैंड ने लक्ष्य का पीछा करते हुए पहले ही ओवर में 17 रन बटोर लिए, हालांकि आखिरी गेंद पर अर्शदीप सिंह ने टिम सीफर्ट (5) को आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद फिन एलन ने विस्फोटक बल्लेबाजी का नज़ारा पेश किया। तीसरे ओवर में एलन और रचिन रविंद्र ने अर्शदीप पर 23 रन ठोक दिए, जिससे शुरुआती दो ओवरों में अर्शदीप 40 रन लुटा बैठे। छठे ओवर में फिन एलन ने महज़ 22 गेंदों में अपनी अर्धशतकीय पारी पूरी की।
आठवें ओवर में न्यूजीलैंड का स्कोर 100 रन के पार पहुंच गया। हालांकि नौवें ओवर की आखिरी गेंद पर अक्षर पटेल ने फिन एलन को आउट कर भारत को बड़ी सफलता दिलाई। एलन ने 38 गेंदों में 80 रन बनाए, जिसमें 8 चौके और 6 छक्के शामिल थे। यहीं से टीम इंडिया ने मैच में जोरदार वापसी की। ग्लेन फिलिप्स भी अक्षर पटेल का शिकार बने और 6 गेंदों में 7 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद 12वें ओवर में अर्शदीप सिंह ने रचिन रविंद्र और मिचेल सैंटनर को पवेलियन भेजकर न्यूजीलैंड की रनगति पर ब्रेक लगा दिया।
14वें ओवर में जसप्रीत बुमराह के खिलाफ कीवी बल्लेबाजों ने 22 रन जरूर बटोरे, लेकिन अगले दो ओवरों में टीम ने तीन अहम विकेट गंवा दिए। 16वें ओवर में अर्शदीप सिंह ने काइल जैमीसन और डैरेल मिचेल को आउट किया। इन दो विकेटों के साथ ही अर्शदीप सिंह ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना पहला पांच विकेट हॉल पूरा किया। अंत में ईश सोढ़ी ने 15 गेंदों में 33 रनों की तेज़ पारी खेली, जिससे न्यूजीलैंड 200 रन के पार पहुंच सका। हालांकि आखिरी ओवर में रिंकू सिंह ने उन्हें आउट कर कीवी पारी का अंत कर दिया। अर्शदीप सिंह ने जहां 5 विकेट झटके, वहीं अक्षर पटेल ने 3 विकेट लिया।
भारत की प्लेइंग इलेवन:
अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रिंकू सिंह, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह।
न्यूजीलैंड की प्लेइंग इलेवन:
टिम साइफर्ट (विकेटकीपर), फिन एलन, रचिन रविंद्र, ग्लेन फिलिप्स, डेरिल मिचेल, बेवन जैकब्स, मिचेल सैंटनर (कप्तान), काइल जैमीसन, ईश सोढ़ी, लॉकी फर्ग्यूसन, जैकब डफी।
ये भी पढ़ें: ENG vs SL T20 World Cup 2026: पल्लेकेले में इंग्लैंड का दबदबा, श्रीलंका को 51 रनों से रौंदकर दर्ज की शानदार जीत



