
India U19 vs Afghanistan U19 : अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में बुधवार, 4 फरवरी को भारत ने अफगानिस्तान को 7 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली। मुकाबले में अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और निर्धारित 50 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 310 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 41.1 ओवर में 3 विकेट खोकर 311 रन बना लिए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।
IND vs AFG U19 World Cup Semifinal Highlights: भारत अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में पहुंच गया है। 4 फरवरी को खेले गए भारत बनाम अफगानिस्तान सेमीफाइनल में टीम इंडिया ने अफगानिस्तान को 7 विकेट से हरा दिया। यह मुकाबला हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला गया, जहां भारत ने 311 रनों का बड़ा लक्ष्य सिर्फ 41.1 ओवर में हासिल कर इतिहास रच दिया। यह अंडर-19 वर्ल्ड कप के इतिहास का सबसे बड़ा सफल रन चेज है।
वैभव सूर्यवंशी: लक्ष्य का पीछा करते हुए वैभव सूर्यवंशी ने भारत को शानदार शुरुआत दिलाई। उन्होंने एरोज जॉर्ज के साथ पहले विकेट के लिए 90 रन जोड़े। सूर्यवंशी ने सिर्फ 33 गेंदों में 9 चौके और 4 छक्कों की मदद से 68 रन बनाए, लेकिन 10वें ओवर में नूरिस्तानी उमरजई ने उन्हें आउट कर दिया।
आयुष म्हात्रे (कप्तान): वैभव सूर्यवंशी के आउट होने के बाद क्रीज पर आयुष म्हात्रे आए, इसके बाद एरोज जॉर्ज ने कप्तान आयुष म्हात्रे के साथ मिलकर पारी को संभाला। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 114 रनों की अहम साझेदारी की। आयुष म्हात्रे ने 59 गेंदों में 62 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। उमरजई ने 27वें ओवर में उन्हें पवेलियन भेजा।
एरोज जॉर्ज (115रन): आयुष के आउट होने के बाद एरोज जॉर्ज ने जिम्मेदारी संभाली और भारत की जीत में एरोज जॉर्ज का अहम योगदान रहा, जिन्होंने शानदार शतक जड़ा और टीम को ऐतिहासिक जीत दिलाई। उन्होंने 104 गेंदों में 115 रन बनाए, जिसमें 15 चौके और 2 छक्के शामिल थे। जॉर्ज 40वें ओवर में वहीदुल्लाह जादरान का शिकार बने।
अंत में विहान मल्होत्रा ने 47 गेंदों में नाबाद 38 रन बनाए, जबकि वेदांत त्रिवेदी 6 गेंदों में 5 रन बनाकर नाबाद लौटे। भारत ने यह मुकाबला आसानी से जीत लिया।
फाइनल: इस जीत के साथ भारत ने अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में 10वीं बार जगह बनाई है। अब 6 फरवरी को खिताबी मुकाबले में भारत का सामना इंग्लैंड से होगा। भारत इस टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम है और अब तक 5 बार खिताब जीत चुका है।
अफगानिस्तान बैटिंग: अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और निर्धारित 50 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 310 रन बनाए। अंडर-19 वर्ल्ड कप के इतिहास में यह पहली बार है जब अफगानिस्तान ने भारत के खिलाफ 300 से ज्यादा रन बनाए हैं।
अफगान टीम की ओर से फैसल शिनोजादा और उजैरुल्लाह नियाजई ने शानदार शतक लगाए। अफगानिस्तान को अच्छी शुरुआत मिली, जहां उस्मान सादात (39) और खालिद अहमदजई (31) ने पहले विकेट के लिए 53 रनों की साझेदारी की। 13वें ओवर में दीपेश देवेंद्रन ने खालिद को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा।
इसके बाद उस्मान सादात ने फैसल शिनोजादा के साथ 64 रनों की अहम साझेदारी की, लेकिन 25वें ओवर में वह कनिष्क चौहान की गेंद पर आउट हो गए। इसके बाद फैसल और उजैरुल्लाह ने पारी को संभालते हुए तीसरे विकेट के लिए 148 रनों की बड़ी साझेदारी की।
शानदार फॉर्म में चल रहे फैसल शिनोजादा ने 93 गेंदों में 15 चौकों की मदद से 110 रन बनाए। यह टूर्नामेंट में उनका दूसरा शतक रहा। 46वें ओवर में दीपेश देवेंद्रन ने उन्हें बोल्ड किया।
अंतिम ओवरों में कनिष्क चौहान ने 49वें ओवर में अजीजुल्लाह मिआखिल (12) को आउट किया। उजैरुल्लाह नियाजई ने 86 गेंदों में 12 चौके और 2 छक्कों की मदद से नाबाद 101 रन बनाए और आखिरी ओवर में अपना शतक पूरा किया। वहीं, अब्दुल अजीज 7 रन बनाकर नाबाद लौटे।
India U19 vs Afghanistan U19 ICC Under 19 World Cup 2026 Semifinal:
अफगानिस्तान 310/4 (50 ओवर)
भारत 311/3 (41.1 ओवर)
भारत ने 7 विकेट से जीत दर्ज की और फाइनल में प्रवेश किया।
ये भी पढ़ें: ENG vs SL T20 World Cup 2026: पल्लेकेले में इंग्लैंड का दबदबा, श्रीलंका को 51 रनों से रौंदकर दर्ज की शानदार जीत





