IPL 2026: बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान आगामी आईपीएल (IPL 2026) बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान आगामी आईपीएल IPL 2026 का हिस्सा नहीं बन पाएंगे। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को उन्हें टीम से रिलीज करने के निर्देश दे दिए हैं। बता दें कि केकेआर ने आईपीएल नीलामी में मुस्तफिजुर रहमान को 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था। इस फैसले के बाद क्रिकेट फैंस के बीच सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या मुस्तफिजुर को उनकी पूरी रकम मिलेगी या फिर उन्हें यह वेतन नहीं दिया जाएगा।

Bangladesh: बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार के मुद्दे के गरमाने के बाद तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया था। धर्मगुरुओं और कई राजनेताओं ने आईपीएल 2026 के लिए बांग्लादेशी गेंदबाज को खरीदने के फैसले पर कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की कड़ी आलोचना की। यहां तक कि टीम के सह-मालिक शाहरुख खान को लेकर भी विवादित बयान सामने आए। विवाद के बढ़ने के साथ ही मुस्तफिजुर की आईपीएल में भागीदारी को लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) पर दबाव लगातार बढ़ता जा रहा था। अब बीसीसीआई ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए साफ कर दिया है कि मुस्तफिजुर रहमान आगामी आईपीएल सीजन में नहीं खेलेंगे। बोर्ड ने फ्रेंचाइजी को गेंदबाज को रिलीज करने के निर्देश भी दे दिए हैं।
मुस्तफिजुर रहमान आईपीएल 2026 से बाहर क्यों हुए?
बीसीसीआई के सचिव देवाजीत सैकिया के अनुसार, बोर्ड ने यह फैसला मौजूदा हालात को देखते हुए लिया है। बांग्लादेश में बढ़ते तनाव और अल्पसंख्यक हिंदुओं के खिलाफ सामने आ रही हिंसा की रिपोर्टों के कारण यह कदम उठाया गया। इन्हीं परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए बीसीसीआई ने शाहरुख खान की फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को टीम से रिलीज करने का निर्देश दिया है।
आईपीएल 2026 की टाइमलाइन और कोलकाता नाइट राइडर्स पर असर:
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का सीजन 26 मार्च से शुरू होने वाला है, जबकि इसका फाइनल मुकाबला 31 मई को खेला जाएगा। टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही मुस्तफिजुर रहमान को टीम से रिलीज कर दिया गया है। इस वजह से कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को बिना किसी प्रतिबंध के उनके स्थान पर एक रिप्लेसमेंट खिलाड़ी साइन करने की अनुमति मिल गई है। इससे यह पूरी तरह साफ हो गया है कि मुस्तफिजुर रहमान इस सीजन में एक भी मैच नहीं खेलेंगे।
मुस्तफिजुर रहमान आईपीएल: मुस्तफिजुर रहमान को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने अपने इतिहास में पहली बार खरीदा था। बांग्लादेशी तेज गेंदबाज ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में अब तक पांच अलग-अलग फ्रेंचाइजियों के लिए कुल 65 मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने 65 विकेट अपने नाम किए हैं। मुस्तफिजुर ने आईपीएल में अपना डेब्यू साल 2016 में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के लिए किया था। इसके बाद वह 2018 में मुंबई इंडियंस (MI) का हिस्सा बने। आईपीएल 2021 में उन्होंने राजस्थान रॉयल्स (RR) की ओर से खेला। वहीं, 2022 और 2023 सीजन में वह दिल्ली कैपिटल्स (DC) के स्क्वॉड में शामिल रहे। आईपीएल 2024 के लिए मुस्तफिजुर चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) से जुड़े, जबकि 2025 सीजन में उन्होंने एक बार फिर दिल्ली कैपिटल्स में वापसी की।
क्या मुस्तफिजुर रहमान को उनकी पूरी सैलरी मिलेगी?
कोलकाता नाइट राइडर्स ने आईपीएल नीलामी में मुस्तफिजुर रहमान को 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था। हालांकि, आईपीएल कॉन्ट्रैक्ट नियमों के अनुसार खिलाड़ियों को मिलने वाली सैलरी उनकी उपलब्धता पर निर्भर करती है। आमतौर पर किसी खिलाड़ी को तभी पूरी रकम मिलती है, जब वह फिट हो और चयन के लिए उपलब्ध हो।
लेकिन जब किसी खिलाड़ी को सीजन शुरू होने से पहले ही पूरी तरह बाहर कर दिया जाता है और उसकी जगह किसी अन्य खिलाड़ी को टीम में शामिल कर लिया जाता है, तो स्थिति बदल जाती है। चूंकि मुस्तफिजुर इस टूर्नामेंट में बिल्कुल भी उपलब्ध नहीं होंगे, ऐसे में उन्हें पूरी राशि मिलने की संभावना काफी कम मानी जा रही है।
आईपीएल में सैलरी पेमेंट सिस्टम कैसे काम करता है?
आईपीएल में खिलाड़ियों को आमतौर पर प्रो-राटा बेसिस पर भुगतान किया जाता है। इसका मतलब यह है कि खिलाड़ियों को उतनी ही सैलरी मिलती है, जितने मैचों के लिए वे खेलने के लिए उपलब्ध रहते हैं। यदि कोई खिलाड़ी चोट, राष्ट्रीय ड्यूटी या अन्य कारणों से कुछ मैच नहीं खेल पाता है, तो उसे उसी अनुपात में भुगतान किया जाता है।





