
टी20 वर्ल्ड कप 2026: भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप मुकाबला ना खेलने की जिद अब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को भारी पड़ती नजर आ रही है। पाकिस्तान सरकार के इस फैसले के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) कड़ा रुख अपनाने की तैयारी में है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, आईसीसी इस मामले में पाकिस्तान के खिलाफ सख्त कार्रवाई पर विचार कर रहा है, जिसमें अस्थायी प्रतिबंध से लेकर करोड़ों रुपये के भारी जुर्माने तक के विकल्प शामिल हैं।
T20 World Cup 2026
क्रिकेट जगत में इस समय जबरदस्त हल-चल देखने को मिल रही है। आईसीसी मेंस T20 World Cup 2026 की शुरुआत भी नही हुई और यह पहले से ही टूर्नामेंट विवादों में आ गया है। भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले को लेकर पैदा हुआ तनाव क्रिकेट के भविष्य पर गहरा असर डाल सकता है। पाकिस्तान की ओर से भारत के खिलाफ मैच ना खेलने की इच्छा जताए जाने के बाद अब आईसीसी एक अहम बैठक करने जा रहा है, जो क्रिकेट के इतिहास में बड़ा मोड़ साबित हो सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जय शाह की अध्यक्षता वाली आईसीसी समिति पाकिस्तान के हालिया रुख को लेकर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई पर विचार कर रही है।
Cricbuzz की रिपोर्ट के अनुसार आईसीसी (ICC) ने पाकिस्तान को इस फैसले पर सख्त हिदायत देते हुए साफ शब्दों में कहा है कि ये क्रिकेट की भावना के खिलाफ है।
आईसीसी की तरफ से कहा गया है कि उसके सभी टूर्नामेंट ईमानदारी, बराबरी और निष्पक्षता के सिद्धांतों पर आधारित होते हैं। यदि कोई टीम या बोर्ड अपनी मर्जी से किसी मैच को खेलने या न खेलने का फैसला करता है, तो इससे पूरे टूर्नामेंट की साख को नुकसान पहुंचता है। आईसीसी ने स्पष्ट किया कि चुनिंदा मैच खेलना या छोड़ना खेल भावना के खिलाफ है और इससे प्रतियोगिता की निष्पक्षता प्रभावित होती है।
आईसीसी ने आगे कहा कि हर देश की अपनी सरकारी नीतियां होती हैं और क्रिकेट बोर्ड उन नीतियों का सम्मान करते हैं। हालांकि, ऐसे फैसले वैश्विक क्रिकेट और करोड़ों प्रशंसकों के हित में नहीं होते। आईसीसी का मानना है कि किसी भी तरह के बहिष्कार से सबसे अधिक नुकसान फैंस को होता है, जिसमें पाकिस्तान के प्रशंसक भी शामिल हैं।
पूरा मामला?
पाकिस्तान ने 15 फरवरी को कोलंबो में भारत के खिलाफ होने वाले ग्रुप लीग मुकाबले का बहिष्कार करने का फैसला किया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने यह कदम बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर किए जाने के आईसीसी के फैसले के विरोध में उठाया है। हालांकि नियमों के मुताबिक, आईसीसी और बीसीसीआई (BCCI) के साथ पाकिस्तान का ‘न्यूट्रल वेन्यू’ पर मैच खेलने का कॉन्ट्रैक्ट है, ऐसे में इस समझौते का उल्लंघन करना आईसीसी नियमों के तहत गैर कानूनी माना जाएगा।
कैसे शुरू हुआ विवाद
दरअसल यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया। क्यों की बांग्लादेश ने भारत में अपने मैच खेलने से इनकार कर दिया, और अपने मैचों के वेन्यू (मैदान) बदलने की मांग करने लगा था। जिसे आईसीसी (ICC) ने ठुकरा दिया। इसके बाद बांग्लादेशी सरकार अपने रुख पर अड़ी रही और आखिरकार बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड टीम को टूर्नामेंट में शामिल कर लिया गया
पाकिस्तान का स्टैंड
मोहसिन नकवी की अगुवाई वाले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने बांग्लादेश के समर्थन में एक बेहद सख्त और चौंकाने वाला कदम उठाया है। पाकिस्तानी सरकार की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है कि पाकिस्तान टीम आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा तो लेगी, लेकिन 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले महा-मुकाबले का बहिष्कार करेगी।
सबसे ज्यादा नुकसान किस का होगा?
अगर भारत और पाकिस्तान के बीच मैच नहीं होता है, तो विज्ञापन, टिकट और टीवी ब्रॉडकास्टिंग से करीब 200 करोड़ रुपये का नुकसान होगा। यह नुकसान दोनों देशों के लिए बड़ा है, लेकिन भारत के लिए इसे संभालना आसान रहेगा क्योंकि बीसीसीआई दुनिया का सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड है।
वहीं पाकिस्तान के लिए यह झटका काफी गंभीर होगा। क्यों की आईसीसी (ICC) से मिलने वाली कमाई पाकिस्तान क्रिकेट के लिए बहुत अहम होती है। मैच न होने से पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की हालत और खराब हो सकती है। पीसीबी को हर साल आईसीसी से करीब 285 करोड़ रुपये मिलते हैं, लेकिन यह पैसा तभी मिलता है जब पाकिस्तान नियमों का पालन करेगी।
प्रतिबंध
आईसीसी के संभावित प्रतिबंध पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को बर्बाद कर सकते हैं
- आईसीसी के राजस्व से पाकिस्तान को मिलने वाली राशि में भारी कटौती, जिस पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) काफी हद तक आर्थिक रूप से निर्भर है।
- पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में विदेशी खिलाड़ियों की भागीदारी पर रोक, साथ ही लीग से अंतरराष्ट्रीय मान्यता और व्यावसायिक समर्थन वापस लेना।
- भारत-पाकिस्तान मैच न होने से हुए राजस्व नुकसान की भरपाई के लिए ब्रॉडकास्टर को मुआवजा देने का आदेश।
- पाकिस्तान से जुड़ी सभी द्विपक्षीय सीरीज पर रोक।
- एशिया कप से पाकिस्तान को बाहर करना।
पहले भी हो चुके हैं मैच बहिष्कार
क्रिकेट इतिहास में यह पहली बार नहीं है जब किसी देश ने राजनीतिक या सुरक्षा कारणों से किसी बड़े टूर्नामेंट या मैच का बहिष्कार किया हो। इससे पहले भी कई मौकों पर टीमों ने आपसी तनाव, सरकारी निर्देश या सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए मुकाबले खेलने से इनकार किया है।
मैच खेलने से इनकार करने के उदाहरण क्रिकेट इतिहास में पहले भी देखने को मिल चुके हैं। 1996 के विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज़ ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए श्रीलंका की यात्रा करने से इनकार कर दिया था, जिसके चलते श्रीलंका को वॉकओवर मिला था। इसी तरह 2003 के विश्व कप में इंग्लैंड ने राजनीतिक कारणों से ज़िम्बाब्वे के खिलाफ मैच खेलने से मना कर दिया था, जबकि न्यूज़ीलैंड ने सुरक्षा चिंताओं के चलते नैरोबी में केन्या के खिलाफ अपना ग्रुप मैच नहीं खेला था।
हालांकि, इन सभी मामलों में एक बड़ा अंतर यह था कि किसी भी टीम ने इतने बड़े और हाई-प्रोफाइल मुकाबले का बहिष्कार टूर्नामेंट शुरू होने के बिल्कुल आखिरी समय पर नहीं किया था। यही वजह है कि मौजूदा विवाद को आईसीसी के इतिहास का सबसे गंभीर मामला माना जा रहा है।



