टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबला
IND vs PAK T20 World Cup 2026 मैच ने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर व्यूअरशिप के सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए, भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को खेले गए मुकाबले को लेकर भले ही कुछ लोग सवाल उठा रहे थे, लेकिन मैदान के बाहर आए आंकड़ों ने सबके होश उड़ा दिए। ICC Men’s T20 World Cup 2026 में खेले गए भारत–पाकिस्तान मुकाबले ने व्यूअरशिप के सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए और एक बार फिर साबित कर दिया कि भारत–पाकिस्तान की टक्कर दुनिया की सबसे बड़ी राइवलरी है।
IND vs PAK T20 World Cup 2026
हालिया वर्षों में भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए ज़्यादातर मुकाबले एकतरफा ही रहे हैं, जहां ‘मेन इन ब्लू’ का साफ दबदबा देखने को मिला। एशिया कप में भी भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ लगातार तीन मुकाबलों में एकतरफा जीत दर्ज की। ICC Men’s T20 World Cup 2026 में भी दोनों टीमों की टक्कर ज़्यादा कांटेदार नहीं रही और भारत ने पाकिस्तान को 61 रनों से करारी शिकस्त दी। हालांकि मैदान पर मुकाबला भले ही एकतरफा रहा हो, लेकिन इस हाई-वोल्टेज मैच ने व्यूअरशिप के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए, और एक नया कीर्तिमान हासिल कर लिया।
ICC Men’s T20 World Cup 2026 में खेले गए भारत-पाकिस्तान के हाई-वोल्टेज मुकाबले ने व्यूअरशिप के सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। डिजिटल प्लेटफॉर्म JioHotstar पर 163 मिलियन (16.3 करोड़) दर्शकों की ऐतिहासिक पहुंच दर्ज की। यह किसी भी आईसीसी (ICC) टी20 इवेंट के लिए अब तक का सबसे बड़ा डिजिटल व्यूअरशिप आंकड़ा है। इस महामुकाबले ने 2024 T20 World Cup Final (भारत vs साउथ अफ्रीका) का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया, जिसने पहले डिजिटल व्यूअरशिप के नए कीर्तिमान बनाए थे।
20 अरब मिनट का वॉच टाइम रिकॉर्ड
यह मैच 15 फरवरी को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला गया था। इस मुकाबले ने सभी स्क्रीन पर मिलाकर करीब 20 बिलियन मिनट का वॉच टाइम दर्ज किया, जो पिछले टी20 वर्ल्ड कप के मुकाबले लगभग 42 प्रतिशत ज़्यादा है। भारत के दमदार और प्रभावशाली प्रदर्शन ने पूरे मुकाबले के दौरान दर्शकों की दिलचस्पी बनाए रखी, जिससे लोग आखिरी ओवर तक स्क्रीन से जुड़े रहे।
व्यूअरशिप रिकॉर्ड टूटने की बड़ी वजह
भारत का टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ 8-1 का दबदबा भले ही साफ नजर आता हो, लेकिन इसके बावजूद इस हाई-वोल्टेज मुकाबले का रोमांच जरा भी कम नहीं हुआ। मैच से पहले इस मुकाबले को लेकर विवाद खड़ा हो गया था, जब पाकिस्तानी टीम ने शुरुआती तौर पर कोलंबो में भारत के खिलाफ खेलने से इनकार कर दिया था। हालांकि, बाद में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के प्रतिनिधि अमीनुल इस्लाम बुलबुल और आईसीसी के डिप्टी चेयरमैन इमरान ख्वाजा के बीच हुई बातचीत के बाद यह फैसला वापस ले लिया गया और मुकाबला तय कार्यक्रम के अनुसार खेलने पर सहमति बनी।
टीवी पर भी व्यूअरशिप में उछाल
आधिकारिक ब्रॉडकास्टर और डिजिटल पार्टनर जियोस्टार के मुताबिक इस हाई-वोल्टेज मुकाबले ने कई नए कीर्तिमान रच दिए। टी20 वर्ल्ड कप 2024 में खेले गए भारत–पाकिस्तान मैच की तुलना में इस बार डिजिटल रीच में करीब 56 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। मोबाइल प्लेटफॉर्म पर यह लीग स्टेज का सबसे ज़्यादा देखा जाने वाला मुकाबला बना, जबकि कनेक्टेड टीवी पर व्यूअरशिप में 2.4 गुना तक उछाल देखने को मिला।
ये भी पढ़ें: India vs Namibia T20 World Cup 2026: भारत ने नामीबिया को 93 रनों से हराया
जियोहॉटस्टार का बयान
जियोहॉटस्टार की ओर से इस रिकॉर्ड पर प्रतिक्रिया भी सामने आई है। जियोहॉटस्टार के स्पोर्ट्स सेल्स हेड अनूप गोविंदन ने कहा कि यह आंकड़ा दर्शकों के जबरदस्त जुड़ाव और क्रिकेट के प्रति बढ़ते उत्साह को दर्शाता है। वहीं, कंटेंट हेड सिद्धार्थ शर्मा ने इसे देश में टी20 वर्ल्ड कप को लेकर फैले जुनून का सीधा सबूत बताया।
लिनियर टीवी पर भी इस मुकाबले का जबरदस्त असर देखने को मिला। टीवी रेटिंग (TVR) में 71 प्रतिशत की उछाल दर्ज की गई, जो 2021 के बाद किसी भी भारत–पाकिस्तान टी20 मुकाबले की सबसे ऊंची रेटिंग है। ग्रुप स्टेज के अंत तक टूर्नामेंट की कुल डिजिटल पहुंच, पिछले पूरे संस्करण के आंकड़ों को पीछे छोड़ने की ओर बढ़ रही है। इन आंकड़ों ने एक बार फिर साबित कर दिया कि भारत– पाकिस्तान की भिड़ंत आज भी विश्व क्रिकेट की सबसे बड़ी और सबसे लोकप्रिय राइवलरी (प्रतिद्वंद्विता) बनी हुई ।
भारत सुपर-8 में पहुंचा
मैदान पर भारत ने जीत दर्ज करते हुए टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ अपना रिकॉर्ड 8-1 कर लिया है। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने सुपर-8 में अपनी जगह पक्की कर ली है और अब 21 फरवरी से शुरू हो रहे अगले चरण में खिताब बचाने की चुनौती के साथ उतरेगी।
ये भी पढ़ें: IND vs PAK T20 World Cup 2026: कोलंबो में महामुकाबला, बाबर का बयान, अफरीदी की चाल




4 thoughts on “IND vs PAK T20 World Cup 2026: भारत–पाक मैच ने तोड़े डिजिटल व्यूअरशिप के सारे रिकॉर्ड, जियोहॉटस्टार पर 16.3 करोड़ दर्शक”